नैनीताल जिले में मुखानी थाना क्षेत्र के फतेहपुर रेंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जंगल किनारे घास काट रही एक महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद बाघ महिला को घसीटते हुए गहराई में ले गया। सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तीन घंटे चली खोज में महिला का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर अंदर जंगल से मिला। घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं।
गंगा देवी नाम की यह महिला सुबह अपनी बहू और एक अन्य महिला के साथ घास लेने निकली थीं। वे तीनों जंगल की सीमा के पास घास काट रही थीं कि तभी अचानक झाड़ियों से बाघ निकला और पलभर में गंगा देवी पर टूट पड़ा। साथ आई दोनों महिलाओं ने शोर मचाकर और हाथ-पैर मारकर बाघ को भगाने की कोशिश की, लेकिन बाघ गंगा देवी को अपने साथ घसीट ले गया। घबराई महिलाओं ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग को बुलाया गया।
स्थानीय लोगों और टीम ने मिलकर जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाया। ऊबड़-खाबड़ रास्तों और घने पेड़ों के बीच करीब तीन घंटे की तलाश के बाद महिला का क्षत-विक्षत शव गहरे जंगल से प्राप्त हुआ। बहू पुष्पा और साथी महिला हेमा ने गंगा देवी को बचाने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन हमले की रफ्तार इतनी तेज थी कि वे कुछ नहीं कर पाईं। दोनों महिलाएं घटना के बाद से मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं।
फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार असगोला ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है और बाघ को ट्रेस करने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से जंगल की तरफ न जाने की अपील की है। वहीं, नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस टीम ने वन विभाग के साथ मिलकर शव बरामद कर लिया है और आगे की प्रक्रिया जारी है।
