नैनीताल से लौट रही एक महिला पर रास्ते में उसके ही साथी ने ऐसा वार किया कि लोग दंग रह गए। घर वापस जाने के लिए वह हल्द्वानी से ट्रेन में बैठी थी। उसी दौरान उसके साथ मौजूद पुरुष मित्र ने अचानक उसे चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया। महिला सीधे हल्दी छतरपुर रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। गिरने से वह बुरी तरह जख्मी हो गई। बताया गया है कि धक्का देने से पहले आरोपी उसके पास रखे पैसे और बैग भी ले गया। घटना की खबर मिलते ही एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची। होश आने पर घायल महिला ने अपना नाम फरजाना बताया। उसने कहा कि उसके पति मोहम्मद अली का कुछ महीने पहले देहांत हो गया था। पिछले कुछ दिनों से वह अपने जानकार नन्हे के साथ नैनीताल घुमने आई थी। शनिवार की सुबह दोनों घर जाने के लिए ट्रेन में चढ़े थे। रास्ते में नन्हे ने उसे अचानक नीचे फेंक दिया। महिला ने यह भी बताया कि नन्हे उसके बैग और उसमें रखे पैसे लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पूरी बात सुनने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
