गुजरात के वडोदरा में एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक साल के मासूम बच्चे के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने जो वस्तु निकाली, उसने न सिर्फ उनके बल्कि पूरे परिवार को भी हैरान कर दिया। शुरू में बच्चे को तेज बुखार और खांसी की शिकायत थी। कई अस्पतालों में उसे निमोनिया का इलाज दिया गया, लेकिन स्वास्थ्य में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
स्थिति गंभीर होने पर परिवार बच्चे को गोत्री स्थित सरकारी अस्पताल ले गया। यहां ENT विभाग के डॉक्टरों ने बच्चे की गहन जांच की। जांच में पता चला कि सांस लेने में परेशानी किसी गंभीर कारण से हो रही थी। इसके बाद बच्चे की जटिल ब्रोंकोस्कोपी की गई।
ब्रोंकोस्कोपी के दौरान डॉक्टरों ने जो चीज निकाली, उसे देखकर सब चौंक गए। यह कोई साधारण चीज नहीं, बल्कि एक छोटा एलईडी बल्ब था। ऑपरेशन सफल रहा और बच्चे ने तुरंत सामान्य रूप से सांस लेना शुरू कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि अगर समय पर यह नहीं पकड़ा जाता, तो बच्चे की जान पर भी गंभीर खतरा हो सकता था।
मासूम के माता-पिता ने राहत व्यक्त की और बताया कि उनका बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है। यह मामला न केवल परिवार बल्कि चिकित्सा जगत के लिए भी चेतावनी है कि बच्चों के लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए और समय पर गहन जांच कराना बेहद जरूरी है।
