उत्तराखंड में बड़े बकायेदारों की सूची ने बढ़ाई हलचल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और इस दिवंगत नेता का भी नाम शामिल
उत्तराखंड में बिजली विभाग द्वारा गांवों और मोहल्लों में बकाया बिल वसूली और कनेक्शन काटने जैसी सख्त कार्रवाइयों की चर्चा होती रहती है। लेकिन इन सबके बीच कई ऐसे बड़े उपभोक्ता भी हैं, जिन पर विभाग अपनी कार्यवाही को लेकर अक्सर नरमी दिखाता रहा है। इस बार मामला थोड़ा अलग है। बिजली विभाग ने जिन बड़े बकायेदारों की सूची सार्वजनिक की है, उसमें शामिल नामों ने सभी को चौंका दिया है। क्योंकि इस सूची में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का नाम होने के साथ ही धामी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत चंदन रामदास का नाम भी दर्ज किया गया है।
ऊर्जा निगम की ओर से सार्वजनिक की गई इस सूची में बताया गया है कि राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नाम पर कुल 2 लाख 98 हजार 704 रुपये का बिजली बिल बकाया है। यह बकाया बागेश्वर जिले के कौसानी क्षेत्र में स्थित उनके होटल रुद्राक्ष पैलेस के बिजली कनेक्शन से जुड़ा है। लंबे समय से भुगतान न होने के कारण यह रकम बकाया के रूप में दर्ज की गई है। निगम का कहना है कि सूची में शामिल सभी उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए नोटिस भेज दिए गए हैं।
उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने यह सूची अखबारों के माध्यम से जारी की है। विभाग का तर्क है कि बढ़ते बकाए और राजस्व नुकसान को देखते हुए बड़े उपभोक्ताओं के नाम सार्वजनिक करना जरूरी हो गया था, ताकि भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
इसी सूची में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत चंदन रामदास के नाम पर भी 2 लाख 85 हजार 990 रुपये का बकाया दर्ज है। बताया गया है कि यह राशि उनके नाम पर दर्ज कनेक्शन से संबंधित है। ऐसे मामलों में कानूनी प्रावधानों के अनुसार भुगतान की जिम्मेदारी उत्तराधिकारियों या संपत्ति के संबंधित पक्षों पर आती है।
ऊर्जा निगम की ओर से जारी सूची यह संकेत दे रही है कि विभाग अब किसी भी स्तर पर ढिलाई देने के मूड में नहीं है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि सूची में शामिल बड़े नाम अपने बकाया का निपटारा कितनी जल्दी करते हैं और विभाग आगे कौन-सी कार्रवाई को अमल में लाता है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया लेने के लिए ईटीवी भारत ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उनके स्टाफ की ओर से सिर्फ इतना बताया गया कि मंत्री अभी उपलब्ध नहीं
