मोबाइल गेमिंग की दीवानगी ने छीन ली 22 साल के युवक की सांसें, पबजी की लत बनी जानलेवा

ऑनलाइन गेमिंग की आदत किस तरह जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण मेरठ में देखने को मिला है। गाजियाबाद में तीन बहनों…

a-22-year-old-man-lost-his-life-due-to-his-obsession-with-mobile-gaming-pubg-addiction-proved-fatal

ऑनलाइन गेमिंग की आदत किस तरह जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण मेरठ में देखने को मिला है। गाजियाबाद में तीन बहनों की खुदकुशी के बाद अब खैरनगर इलाके में 22 वर्षीय मोहम्मद कैफ की मौत ने लोगों को हिला कर रख दिया है। पबजी गेम के जुनून ने उसकी जान ले ली।

जानकारी के अनुसार, खैरनगर की गूलर वाली गली में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर फारुक का इकलौता बेटा कैफ शुक्रवार देर रात अपने कमरे में हेडफोन लगाकर पबजी खेल रहा था।

परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से कैफ लगातार ऑनलाइन गेम में इतना खो गया था कि रातें जागकर गुजार देता था।
सुबह करीब तीन बजे वह अचानक बिस्तर से नीचे गिर पड़ा। परिवार जब दौड़कर कमरे में पहुंचा तो उसकी हालत बेहद खराब थी।

आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पाया कि कैफ का ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच चुका है। स्थिति गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन दो दिन संघर्ष करने के बाद रविवार सुबह उसकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों के मुताबिक, लंबे समय से तनाव में रहने और गेम की उत्तेजना के कारण उसका बीपी अनियंत्रित स्तर तक बढ़ गया, जिससे ब्रेन हैमरेज हुआ।

कैफ सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने का शौकीन था, लेकिन कुछ महीनों से गेम की लत ने उसके जीवन का पूरा रुटीन बिगाड़ दिया था। परिवार वालों का कहना है कि वे उसे समझाते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। घर में कोहराम मचा हुआ है और माता-पिता की हालत रो-रोकर बदतर है। मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि ऑनलाइन गेमिंग दिमाग के रसायनों को प्रभावित करती है, जिससे युवा तेजी से इसके आदी हो जाते हैं और समय रहते रोकथाम न हो तो इसके नतीजे बेहद भयावह हो सकते हैं।

Leave a Reply