अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद में प्राईमरी स्कूल में फर्जी प्रमाणपत्र से नौकरी हासिल करने का आरोप तीन शिक्षकों पर लगा है।
जांच पड़ताल के बाद प्रारंभिक आरोप सिद्ध पाते हुए शिक्षा विभाग ने इन तीनों को निलंबित कर दिया है, विभाग ने निलंबन की पुष्टि करते हुए विभागीय कार्रवाई की बात भी कही है।
जानकारी अनुसार शिक्षा विभाग ने जांच में भैसियाछाना ब्लॉक के तीन प्राथमिक विद्यालयों में तैनात किए गए इन तीन सहायक अध्यापकों को उनके टीईटी प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, विभाग ने तीनों को आरोप पत्र जारी करते हुए आगे की विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इन अभ्यर्थियों को इसी साल नियुक्ति मिली है, मामले के सामने आने पर नियुक्तियों के अन्य अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की संभावना भी बढ़ गई है।
जानकारी अनुसार भैसियाछाना विकासखंड के तीन प्राथमिक विद्यालयों राजकीय प्राथमिक विद्यालय बौड़ा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुनखेत नवीन और राजकीय प्राथमिक विद्यालय बूढ़ाधार में इसी साल जनवरी में सहायक अध्यापकों की भर्ती के दौरान तीन अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गई थी।
जिसमें अंजना ग्वासीकोटी को राजकीय प्राथमिक विद्यालय बौड़ा, प्रियांशु चंद्र को राजकीय प्राथमिक विद्यालय बूढ़ाधार और भूपेंद्र कुमार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुनखेत नवीन में दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति दी गई थी।
इस दौरान पिछले महीने विभाग को शिकायत मिली कि भैसियाछाना ब्लॉक में नियुक्त कुछ शिक्षकों ने फर्जी टीईटी प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर नौकरी हासिल की है, शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
जाँच के दौरान विभाग ने कुल पांच शिक्षकों के टीईटी प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए रामनगर स्थित परीक्षा बोर्ड को भेजे,जांच रिपोर्ट में तीन शिक्षकों के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए।जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने तीनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से विद्यालयों से हटाकर निलंबित कर दिया है।
समाचार माध्यमों की खबरों के मुताबिक जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक डॉ. रवि मेहता का कहना है कि तीनों शिक्षकों के प्रमाण पत्रों को जांच के लिए बोर्ड में भेजा गया था।
प्रारंभिक जांच में उन पर लगे आरोपों की पुष्टि हुई है, भैसियाछाना क्षेत्र के तीनों नियुक्त शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, आरोप पत्र निर्गत कर दिए गए है. वहीं, साथ ही विभाग की ओर से विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।

