अल्मोड़ा, 30 जुलाई 2026।रैमजे इंटरमीडिएट कॉलेज, अल्मोड़ा में छात्र-प्रोत्साहन एवं निर्धन विद्यार्थियों के सहयोग के उद्देश्य से शाह परिवार द्वारा संचालित गणवेश वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वर्ष 2015-16 से निरंतर चल रही इस प्रेरणादायी पहल के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालय के 113 निर्धन एवं जरूरतमंद छात्रों को निःशुल्क गणवेश प्रदान की गई।
यह छात्र हितकारी परंपरा स्वर्गीय हीरालाल शाह एवं स्वर्गीय राजेश्वरी शाह की स्मृति में स्वर्गीय भास्कर शाह द्वारा वर्ष 2015-16 में प्रारंभ की गई थी। वर्तमान में इस पुनीत कार्य को सिद्धार्थ शाह एवं हेमचंद शाह द्वारा निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। विगत वर्षों से जरूरतमंद विद्यार्थियों को गणवेश उपलब्ध कराकर शाह परिवार शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार और सेवा की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीसी जोशी ने की, जबकि हेमचंद शाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर उपस्थित आनंद सिंह बगड़वाल, ललित शाह एवं नीरज पंत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, निरंतर परिश्रम करने तथा अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और आशीर्वचन प्रदान किए।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण पंकज पाल मेसी, अजीत चंद, श्वेता कुमार, डॉ. एमके जोशी एवं एस. राजपूत सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य साज सिंह ने शाह परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्धन एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को गणवेश उपलब्ध कराना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि शाह परिवार द्वारा पिछले एक दशक से अधिक समय से की जा रही यह पहल समाज के अन्य सक्षम लोगों को भी शिक्षा एवं छात्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करती है।

