पिथौरागढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनपद में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने 28 जुलाई 2026 मंगलवार को जिले के समस्त सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित करने के आदेश दे दिए हैं।
मौसम विभाग द्वारा 27 जुलाई 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, 28 जुलाई को पिथौरागढ़ सहित उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के खतरे को देखते हुए कक्षा 1 से कक्षा 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी का निर्णय लिया गया है।
हालांकि, आदेश में यह भी कहा गया है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की पूरक परीक्षा और उत्तराखंड शिक्षा परिषद की सुधार परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्र व विद्यालय अपने तय समय पर खुले रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ और जिला कार्यक्रम एवं बाल विकास अधिकारी को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

