अल्मोड़ा। दिल्ली में अपने भविष्य और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया जाना अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने एक बयान में कही।
कांग्रेस नेता भोज ने कहा कि देश के छात्र अपने भविष्य को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। ऐसे में सरकार को छात्रों की आवाज सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने के लिए पुलिस की लाठियां चलानी चाहिए।
भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि जिस देश में छात्र अपने भविष्य की चिंता लेकर संसद तक अपनी आवाज पहुंचाने जाते हैं, वहां उन्हें लाठियों से जवाब देना लोकतंत्र की आत्मा पर चोट है। सरकार को यह समझना होगा कि छात्र देश का भविष्य हैं, अपराधी नहीं। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार, पारदर्शी परीक्षाओं और सुरक्षित भविष्य का भरोसा देने में पूरी तरह विफल रही है। जब छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, तो सरकार संवाद करने के बजाय दमन का रास्ता अपनाती है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कराने,दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और छात्रों की परीक्षा संबंधी सभी मांगों पर सरकार तत्काल संवाद स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके न्याय की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत से आगे बढ़ाएगी।

