देहरादून। उत्तराखंड में निर्वाचन विभाग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इसके तहत प्रदेश में वर्तमान में कुल 71,33,785 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 37,23,614 पुरुष, 34,09,954 महिला और 217 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि एसआईआर (SIR) के पहले चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सूची तैयार की गई है। इस प्रक्रिया के तहत राज्य में कुल 8,26,977 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
इसके साथ ही, राज्य में करीब 19 लाख मतदाताओं के गणना फॉर्म में विसंगतियां और त्रुटियां पाई गई हैं। इन सभी मतदाताओं को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 14 जुलाई से 11 सितंबर तक सभी को नोटिस जारी कर दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा, जिन नागरिकों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरने की सुविधा दी गई है। चुनाव आयोग ने राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या भी 11,733 से बढ़ाकर अब 12,543 कर दी है।
जिलेवार कटे नामों की सूची:
- देहरादून: 1,86,008
- उधमसिंह नगर: 1,77,673
- हरिद्वार: 1,30,203
- नैनीताल: 71,810
- अल्मोड़ा: 55,485
- पौड़ी गढ़वाल: 51,359
- टिहरी गढ़वाल: 43,625
- पिथौरागढ़: 27,436
- चमोली: 23,436
- उत्तरकाशी: 18,405
- चंपावत: 17,718
- बागेश्वर: 13,010
- रुद्रप्रयाग: 10,809

