रानीखेत (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील अंतर्गत ऐना गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का घन और चाकू बरामद कर लिया है।
यह खूनी मामला 10 जुलाई 2026 की रात का है, जब कुवाली पटवारी क्षेत्र के ऐना गांव में एक युवक की चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी और बीच बचाव में आई दो महिलाओं पर जानलेवा हमला भी हुआ था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी चंद्रशेखर घोडके, अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया था। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया था।
दो महीने पुरानी रंजिश निकली हत्या की वजह
आज 11 जुलाई 2026 को मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा पुत्र वीरेंद्र सिंह बोरा ने कोतवाली रानीखेत में नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी जगत सिंह बोरा के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जाल बिछाकर नामजद आरोपी को रानीखेत क्षेत्र से दबोच लिया।
पुलिस से पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि करीब दो महीने पहले एक शादी समारोह के दौरान उसका मृतक और उसके भाई के साथ विवाद हुआ था। इसी शादी में हुई कहासुनी और आपसी रंजिश के चलते उसने इस खूनी वारदात की साजिश रची और युवक की हत्या कर दी।
हथौड़े और चाकू से किया था हमला
तहरीर के अनुसार, आरोपी जगत सिंह बोरा ने सावित्री देवी के घर में घुसकर वहां आए मामा के लड़के सागर सिंह के गले पर चाकू से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई मृतक की माता जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर भी आरोपी ने जान से मारने की नीयत से लोहे के घन (हथौड़े) और धारदार हथियार से सिर पर प्राणघातक हमला किया। दोनों घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त जगत सिंह बोरा (35) पुत्र पान सिंह बोरा ग्राम ऐना, रानीखेत का ही रहने वाला है।पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का घन और चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल वरुण राज टम्टा और होमगार्ड आनंद सिंह शामिल रहे।

