अल्मोड़ा। अल्मोड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक राह भटकी महिला को रेस्क्यू कर सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया, जिसके बाद भावुक परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है।
यह पूरा वाक्या 9 जुलाई 2026 का है। आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि अल्मोड़ा के प्रसिद्ध साईं मंदिर के पास एक महिला काफी देर से अकेली भटक रही है। सूचना मिलने के बाद महिला कोतवाली प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी, द्रौपदी सुयाल और महिला होमगार्ड पूजा बिष्ट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने जब महिला से बात कर उसके घर का पता जानने की कोशिश की,तो वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी। महिला की मानसिक स्थिति और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम ने उसे तत्काल वन स्टॉप सेंटर,अल्मोड़ा में सुरक्षित संरक्षण के लिए दाखिल करा दिया।
अगले ही दिन खोज निकाला परिवार, सुरक्षित घर भेजा
इसके बाद महिला पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और महिला की पहचान व उसके घर का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस के अथक प्रयासों के बाद 10 जुलाई 2026 को महिला की पहचान बाड़ेछीना निवासी गीता देवी पत्नी राजेंद्र कुमार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क साधा और महिला की सास आनंदी देवी को वन स्टॉप सेंटर बुलाया।
सभी आवश्यक कानूनी और विभागीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गीता देवी को उनकी सास के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को सुरक्षित रूप से एक टैक्सी में बैठाकर उनके घर के लिए रवाना किया। महिला के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस की इस त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्यशैली की जमकर सराहना की है।

