अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के लिए आज का दिन दोहरी खुशखबरी लेकर आया है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) द्वारा मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नए एमबीबीएस पाठ्यक्रम संचालन के लिए आधिकारिक तौर पर मान्यता प्रदान कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण मान्यता के मिलने से जहां एक ओर कॉलेज प्रबंधन और भावी छात्र-छात्राओं में उत्साह है, वहीं दूसरी ओर कॉलेज की चिकित्सा व शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संस्थान में उच्च स्तरीय डॉक्टरों की तैनाती भी शुरू हो गई है।
नोडल प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनिल पांडेय ने ये जानकारी देते हुए बताया कि आज 3 जुलाई 2026 को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य कार्यालय में चार नए स्थानांतरित फैकल्टी सदस्यों ने विधिवत अपनी ज्वाइनिंग दे दी है। इन वरिष्ठ और विशेषज्ञ डॉक्टरों के आने से कॉलेज के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों को नए विभागाध्यक्ष और एसोसिएट प्रोफेसर मिल गए हैं।
ज्वाइन करने वाले नए फैकल्टी सदस्यों में डॉ. वंदना सिंह ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (Gynecology) में प्रोफेसर एंड हेड (विभागाध्यक्ष) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। वही डॉ. सुशील ओझा ने नेत्र रोग विभाग में प्रोफेसर एंड हेड (विभागाध्यक्ष) के पद पर ज्वाइन किया है। डॉ. पंकज सिंह ने इन्होंने आर्थोपैडिक विभाग में प्रोफेसर एंड हेड (विभागाध्यक्ष) के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की हैं तो वही डॉ. सुनील ने कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यभार संभाला है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ सीपी भैसोड़ा ने कहा है कि एनएमसी से नए सत्र की मान्यता मिलने और एक साथ चार वरिष्ठ फैकल्टी मेंबरों के ज्वाइन करने से कॉलेज में पठन-पाठन और मरीजों के उपचार की गुणवत्ता में बड़ा सुधार आएगा।

