अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है, आज यानि शनिवार 16 मई को आयोजित हुई एक बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इस बारे में विस्तार से बताया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कलेक्ट्रेट में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक में कहा कि इस बार विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर कार्यक्रम के जरिए ही पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जाएगी और इसमें राजनैतिक दलों को बड़ी भूमिका निभानी होगी।
डीएम अंशुल सिंह ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती तुरंत कर लें ताकि प्रशासन के साथ मिलकर इस एसआईआर (SIR) कार्यक्रम को बिना किसी गड़बड़ी के पूरा किया जा सके।
इस विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के लिए योग्यता की तारीख 1 जुलाई 2026 तय की गई है। इस पूरे अभियान के शेड्यूल की बात करें तो 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की छपाई और कर्मचारियों की ट्रेनिंग का काम होगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर इन प्रपत्रों को बांटने और जमा करने का काम करेंगे।
अगर किसी विधानसभा में पोलिंग बूथों का पुनर्गठन होना है, तो वह भी 7 जुलाई से ही शुरू किया जाएगा। इस एसआईआर (SIR) अभियान के तहत 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल पब्लिश होगा और लोग 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक अपने दावे या आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
दावों का निपटारा 11 सितंबर 2026 तक करने के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी। डीएम ने बताया कि जिले भर में बीएलओ ने अब तक 2025 के मतदाताओं को 2003 की वोटर लिस्ट से 93.69 परसेंट मैप कर लिया है और जिले में फिलहाल 5,27,745 वोटर रजिस्टर्ड हैं। बैठक में सीडीओ रामजी शरण शर्मा और एडीएम युक्ता मिश्र सहित कई अधिकारी और विभिन्न दलों के नेता मौजूद रहे।
उत्तराखंड की अन्य मुख्य खबरों के लाइव अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें।

