अल्मोड़ा में गुरुवार को भी पेट्रोल पंप उपभोक्ताओं का रेला दिखाई दिया, सुबह जिला मुख्यालय के समीप स्थित चार पंपों(धारानौला को छोड़कर) में से केवल लोअर माल रोड स्थित पंप पर पेट्रोल होने की सूचना के बाद जो भीड़ उमड़ी वह थोड़ी देर में हुजूम बन गई वाहनों के साथ पेट्रोल पंप पर लोगों के पहुंचने से जाम जैसी स्थिति हो गई, पुलिस ने भीड़ को संभाला। दिन तक यहां जाम जैसी स्थिति बनी हुई थी। हाईवे होने के चलते अन्य वाहनों का भी सड़क पर भारी दबाव था।
जानकारी अनुसार इन चार पंपों में से एक ही ईधन सप्लाई की दो कंपनियों पर मेंटीनेंस कार्य चल रहा था इससे स्थिति और बिगड़ी, इसके बाद प्रशासन ने एक बैठक भी की और सप्लायर और पंप संचालकों से वार्ता की।दोपहर में ही माल रोड के एक पंप पर पेट्रोल मिलने लगा था। यहां शाम के समय टैंकर भी पहुंच गया, यहां भी लोगों की लंबी लाइन लग गई, पुलिस टीम ने यहां भी मोर्चा संभाला और यातायात सुचारू रखते हुए ईधन वितरण में मदद की। लेकिन देर शाम तक यहां लाईन लगी हुई थी।
इधर जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने अवगत कराया है कि जनपद में पेट्रोल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि दो पेट्रोल पम्पों पर मेंटेनेंस कार्य के चलते अस्थायी रूप से पेट्रोल की आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे आज शाम अथवा अधिकतम कल सुबह तक पूर्ण रूप से सुचारू कर दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पेट्रोल पम्पों पर पूर्व की भांति नियमित रूप से पेट्रोल उपलब्ध रहेगा तथा किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल का भंडारण न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल भरवाएं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या पैनिक की स्थिति उत्पन्न न हो



