अल्मोड़ा (उत्तरा न्यूज़ डेस्क):
नगर के प्रतिष्ठित विवेकानन्द इण्टर कॉलेज, रानीधारा के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल मंगलवार 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए। इस उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक गरिमामय एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां विद्यालय परिवार ने नम आंखों से उन्हें भावभीनी विदाई दी।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ, योगदान को किया गया याद
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ हुआ। मंच का कुशल संचालन गिरिजाशंकर ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल के व्यक्तित्व, उनके सफल कार्यकाल की उपलब्धियों और दूरगामी सोच पर विस्तार से प्रकाश डाला। उपस्थित वक्ताओं ने विद्यालय के चहुंमुखी विकास, अनुशासन और छात्रों के मार्गदर्शन में उनके अतुलनीय योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन में सदैव ईमानदारी, कठोर परिश्रम और अनुशासन के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
विनम्र और सहयोगी रहा व्यक्तित्व: डॉ० भंडारी
विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक और एसएसजे विवि के पूर्व कुलपति डॉ० एन० एस० भंडारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मोहन सिंह जी का व्यक्तित्व अत्यंत विनम्र और सहयोगी रहा है। उन्होंने अपने लंबे अनुभव, ज्ञान और कुशल नेतृत्व से सहकर्मियों और विद्यार्थियों को हमेशा एक नई दिशा दी है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके इस योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
ईमानदारी और परिश्रम ही सफलता की कुंजी: रावल
अपने विदाई संबोधन में प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल ने विद्यालय परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह संस्थान उनके जीवन का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया सम्मानित
इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो रहे प्रधानाचार्य को स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। विदाई के इन पलों में वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम का विधिवत समापन ‘वन्दे मातरम’ गान के साथ किया गया।
समारोह में ये लोग रहे मौजूद
इस भावुक विदाई समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक, प्रबंध समिति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर प्रबंधक प्रो० एन० एस० भण्डारी, अध्यक्ष बद्री विशाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अरुण वर्मा, विभाग प्रचारक कमल जी, जिला प्रचारक बिरेन्द्र जी, श्याम पाण्डे, प्रो० जगत सिंह बिष्ट, प्रो० एस० एस० पथनी, डॉ० आर सी० उपाध्याय, गणेश चम्याल, पूर्व सम्भाग निरीक्षक प्रकाश पंत, गोपाल साँगा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, गिरिजा किशोर पाठक, विवेकानंद बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी, सरस्वती शिशु मंदिर जीवनधाम अल्मोड़ा की प्रधानाचार्य पूनम जोशी, प्रीति बहुगुणा,नर्मदा शंकर अग्रवाल, अपूर्व पंत, दिनेश शाह सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।


