देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में रखे गए पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने तुरंत कदम उठाते हुए एक पुलिस कर्मी को निलंबित कर दिया है, जबकि चार अन्य पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि रायपुर थाने में हुई घटना के बाद शव का पोस्टमॉर्टम विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण ‘फांसी’ बताया गया है। बावजूद इसके, मृतक के परिजनों द्वारा जताई गई शंकाओं को ध्यान में रखते हुए विसरा को सुरक्षित रखकर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा जाएगा। पूरे मामले की न्यायिक जांच मजिस्ट्रेट के निर्देशन में कराई जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन सुनील रतूड़ी को लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप पर शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। हवालात में कुछ घंटे बाद जब उसकी हालत देखी गई, तो वह बेहोशी की स्थिति में पाया गया। पुलिस का कहना है कि उसने हवालात में मौजूद चादर से फंदा बनाकर आत्महत्या की।
मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मामले को केवल आत्महत्या बताकर समाप्त करने से असंतुष्ट हैं। उनका कहना है कि थाने के अंदर किसी व्यक्ति की इस तरह मृत्यु गंभीर सवाल खड़ा करती है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए डालनवाला थाना से उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह को विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया था।
आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता दिखाई, जिसके चलते उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रारंभिक कार्रवाई इसी नीति का हिस्सा है।

