अल्मोड़ा। जनपद के होटल हिमसागर में ‘ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना’ (REAP) के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत समापन हो गया। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य एनआरएलएम (NRLM) द्वारा गठित क्लस्टरों के नवनियुक्त कार्मिकों को भविष्य की चुनौतियों और ग्रामीण विकास के लिए तैयार करना था।
मुख्य विकास अधिकारी ने की स्वरोजगार को बढ़ावा देने की अपील
प्रशिक्षण के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है। उन्होने कहा कि कार्मिकों को पूरी निष्ठा के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की आय बढ़ाने और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की अपील की।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को संसाधन प्रबंधन,बाजार जुड़ाव, ग्रामीण उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार कर उन्हें मुख्यधारा के बाजार से जोड़ना,डिजिटल मार्केटिंग के बारे में जानकारी दी।ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक केएन तिवारी ने परंपरागत उद्यमों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेल्स प्रोफेशनल्स, यंग प्रोफेशनल्स, ग्राम विकास विभाग के अधिकारी और विभिन्न विकासखंडों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना प्रबंधक राजेश मठपाल ने सफल संचालन के लिए सभी का आभार जताया।

