अल्मोड़ा। जनपद में कमर्शियल गैस सिलेंडरों(commercial gas) की किल्लत ने होटल, ढाबा, मिष्ठान कारोबारियों और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
व्यापारियों का कहना है कि कई दिनों से पर्याप्त गैस उपलब्ध न होने के कारण व्यापारियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है और उन्हें रोज़ाना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता भुवन जोशी ने गहरी नाराज़गी जताते हुए सरकार और गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि एजेंसियों की लापरवाही और सरकार की उदासीनता का खामियाजा सीधे व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई दिनों से व्यापारी कमर्शियल सिलेंडर (commercial gas)के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही। ऐसे में होटल और ढाबा संचालकों के सामने रोज़गार चलाना तक मुश्किल हो गया है।
आप नेता ने सरकार से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और कमर्शियल गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी व्यापारियों के साथ मिलकर आंदोलन करने को मजबूर होगी और इसके लिए पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
