उत्तराखंड में मौसम को लेकर बढ़ी सतर्कता, अगले 24 घंटे येलो अलर्ट, 15 और 16 मार्च को ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारत…

IMG 20260314 164308

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार दोपहर जारी पूर्वानुमान में अगले 24 घंटे के लिए राज्य में येलो अलर्ट घोषित किया है। यह अलर्ट 14 मार्च की दोपहर 1:45 बजे से शुरू होकर 15 मार्च 2026 की दोपहर 1:45 बजे तक प्रभावी रहेगा। वहीं दूसरी ओर देहरादून स्थित राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 और 16 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में तेज गर्जना के साथ आंधी तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। उत्तरकाशी के बड़कोट और पुरोला, चमोली के जोशीमठ, बदरीनाथ, उर्गम घाटी और थराली, बागेश्वर के कपकोट तथा पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और बेरीनाग क्षेत्रों को विशेष रूप से अलर्ट पर रखा गया है। इन स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

इधर उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आज से लेकर 19 मार्च तक पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसी दौरान अगले तीन दिनों तक मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रहेंगे।

मौसम केंद्र ने 15 और 16 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि रविवार को हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और चंपावत जिलों में कई स्थानों पर तेज गर्जना के साथ बादल गरज सकते हैं। इस दौरान बिजली गिरने के साथ-साथ ओलावृष्टि और तेज आंधी आने की भी संभावना है। पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।

सोमवार 16 मार्च को भी इन मैदानी जिलों के लिए मौसम विभाग ने फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दिन भी आंधी तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च को मौसम कुछ हद तक शांत रहने की संभावना है। हालांकि 18 मार्च को फिर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते हालात को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply