नैनीताल जिले में एक महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म की कोशिश, मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोपी टैक्सी चालक ने महिला को नैनीताल छोड़ने के बहाने रास्ता बदलकर सुनसान इलाके में ले जाने की कोशिश की और उसके साथ गलत हरकत की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जिले में आने वाले पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 को दिल्ली से आई एक महिला पर्यटक देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी। हल्द्वानी से वह ऑटो के जरिए काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर ली। देर रात वह टैक्सी से नैनीताल के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि रात करीब डेढ़ बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने नैनीताल जाने वाली सड़क छोड़कर वाहन को पटवाढांगर की तरफ सुनसान मार्ग पर मोड़ दिया।
महिला को जब रास्ता बदलने का शक हुआ तो उसने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने वाहन रोक दिया और महिला के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं उसने दुष्कर्म का प्रयास भी किया और महिला का मोबाइल फोन छीन लिया ताकि वह किसी को जानकारी न दे सके। किसी तरह महिला वहां से निकली और 6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फोरेंसिक टीम से जांच कराई गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर तल्लीताल थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तुरंत टीम का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही टैक्सी के नंबर UK04TB 5500 वैगनार और उसमें लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और इसके आधार पर आरोपी चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
आरोपी दीपक सिंह बोरा नैनीताल जिले के हल्द्वानी गुजरीड़ा फतेहपुर मुखानी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है और उसकी उम्र करीब 39 वर्ष है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया। पुलिस ने साफ किया है कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह के अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
