संजू सैमसन की 50 बाल में 97 रनों की धमाकेदार पारी की मदद से भारत ने कल वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराने के बाद टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
केरल के इस शांत दिखने वाले योद्धा ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के ‘घमंड’ को कोलकाता की ऐतिहासिक पिच पर धूल चटा दी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस ‘करो या मरो’ वाले मुकाबले में संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रनों की वह नज़ीर पेश की, जिसे क्रिकेट की दुनिया सदियों तक याद रखेगी। एक तरफ करोड़ों फैंस की आस्था थी, तो दूसरी तरफ चयनकर्ताओं की वह अव्यवस्था, जिसने सालों तक इस हीरे को डगआउट की धूल फांकने पर मजबूर किया।
इमोशनल हुए संजू, आंखों से छलका ‘कच्चा चिट्ठा’
मैच खत्म होते ही संजू की नम आंखों ने वह सब कह दिया जो वे पिछले कई सालों से खामोशी से सह रहे थे। प्लेयर ऑफ द मैच बने सैमसन ने कबूल किया कि संघर्ष के दौर में उन्हें खुद पर शक होने लगा था। उन्होंने कहा, “जब से बल्ला थामा था, तब से ऐसी पारी का इंतजार था। कई बार लगा कि क्या मैं कभी भारत के लिए ऐसा कर पाऊंगा? लेकिन आज आलोचकों के मुंह पर करारा तमाचा जड़ दिया है।”
चौके-छक्कों की बरसात
संजू ने 12 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़कर वेस्टइंडीज के 195 रनों के विशाल लक्ष्य को बौना साबित कर दिया।भारत ने महज 19.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया। शुरुआती समय में जब विकेट गिर रहे थे, तो ऐसे नाजुक समय में संजू ने क्रीज पर खूंटा गाड़कर टीम इंडिया की नैया पार लगाई।
संजू सैमसन ने तो साबित कर दिया कि उनमें ‘पहाड़’ जैसा धैर्य और टैलेंट है, लेकिन क्या अब भी भारतीय क्रिकेट का सिस्टम उन्हें ‘सफेद हाथी’ समझकर बाहर बैठाने की जुर्रत करेगा या उन्हें वह सम्मान मिलेगा जिसके वे हकदार हैं?
अब 5 मार्च को सेमीफाइनल की जंग होगी।अब देखना ये है कि संजू वहां क्या कमाल दिखाते है।
