शादी समारोह से लौट रहा एक परिवार दिल्ली की सुरक्षित दहलीज छूने के सपने देख रहा था, तभी शाम करीब 05:05 बजे बसोली के पास चुराड़ी बैंड पर मौत ने दस्तक दे दी। दिल्ली नंबर की मारुति ब्रेजा (DL-9CBH-8402) अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और पलक झपकते ही 3 लोग काल के गाल में समा गए।
शादी की रौनक के बाद मौत का तांडव
बागेश्वर के झिझाड़ में शादी की रस्मों और अपनों के साथ बिताए खुशनुमा पलों की यादें साथ लेकर यह परिवार दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। किसी को अंदाजा नहीं था कि चुराड़ी बैंड के पास उनका सफर जिंदगी का आखिरी मोड़ साबित होगा।
सूचना मिलते ही सोमेश्वर कोतवाली और ताकुला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी ‘नजीर’ पेश करते हुए फौरन रेस्क्यू में हाथ बंटाया।मरने वालों में एक 2 साल का मासूम बच्चा, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल 5 लोगों को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने कार के गिरते समय ऊपर से कूदकर जान बचाने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
