अल्मोड़ा: हवालबाग ब्लॉक के पोखरी गांव निवासी योगेश जोशी पुत्र स्वर्गीय नवीन जोशी ने भौतिकी (Physics) विषय में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) में 142 स्थान प्राप्त किया है।
योगेश ने अपने परिवार और क्षेत्र, बल्कि पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है।
सीमित संसाधनों, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की कमी के बावजूद योगेश जोशी ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और सतत परिश्रम से यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की।
योगेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हाईस्कूल मैगडी से की, इंटरमीडिएट राजकीय इंटर कॉलेज भगतोला तथा बी०एससी० और एम०एससी० अल्मोड़ा परिसर से पूरा किया है।
पिता के निधन के बाद आर्थिक परेशानियों और अन्य कठिनाइयों के बावजूद योगेश जोशी ने हार नहीं मानी।
उन्होंने भौतिकी जैसे विषय को गहराई से समझते हुए शोध के प्रति रुचि विकसित की और निरंतर अभ्यास के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
उनके समीपवर्ती गांव निवासी और जिला पंचायत सदस्य व बीजेपी जिला अध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि योगेश जोशी की यह सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी महानगर या बड़े कोचिंग संस्थान की मोहताज नहीं होती।
यदि संकल्प मजबूत हो और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो पहाड़ों से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियाँ प्राप्त की जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि मेहनत और जीवटता के वह परिचायक हैं पिता के निधन के बाद सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान में भी उन्होंने अपनी माता का हाथ बंटाया लेकिन पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी।
उन्होंने आशा जताई कि योगेश की उनकी यह उपलब्धि पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें उच्च शिक्षा व शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
इधर इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शिक्षाविदों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है और इसे पहाड़ों के युवाओं के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उनके सहपाठियों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
