उत्तराखंड में जहां एक तरफ तेज धूप निकली है। वहीं बादलों ने भी अपना डेरा डालना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालय राज्यों में उत्तराखंड के पांच जनपदों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
बताया जा रहा है कि अगले 48 घंटे में राज्य में तापमान में भी गिरावट देखी जाएगी।
मौसम विभाग ने मुख्य रूप से 5 जिलों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम परिवर्तन की संभावना है।
आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, इन जनपदों में 23 फरवरी यानी आज और 24 फरवरी को कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है।
हल्की बारिश का यह पूर्वानुमान केवल पहाड़ी जिलों में ही है जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। पहाड़ों में होने वाले इस बदलाव का असर मैदानी इलाकों की हवाओं पर भी पड़ेगा देहरादून के आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे और ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में हल्की कमी आएगी।
इस साल फरवरी के महीने में उत्तराखंड के मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। पिछले एक हफ्ते से देहरादून समेत अधिकांश मैदानी इलाकों और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा था।
दिन में तेज धूप के कारण लोगों को समय से पहले ही गर्मी का अहसास होने लगा था। मौसम विभाग का कहना है कि इस पश्चिमी विक्षोभ के आने से बढ़ते पारे पर फिलहाल ‘ब्रेक’ लगेगा। बारिश के इन दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन एक बार फिर लौट सकती है।
डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 24 फरवरी के बाद यह विक्षोभ कमजोर पड़कर आगे बढ़ जाएगा। इसके बाद 25 फरवरी से एक बार फिर पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा और चटख धूप खिलेगी। फरवरी के आखिरी सप्ताह में गर्मी की तपिश और बढ़ने के आसार हैं।
