दिल्ली से मेरठ का सफर अब ट्रैफिक जाम और लंबे इंतजार की परेशानी से मुक्त होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली–मेरठ कॉरिडोर की पूरी लाइन को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है और 22 फरवरी की शाम ठीक छह बजे से ‘नमो भारत रैपिड रेल’ आम यात्रियों के लिए खुल जाएगी।
करीब 80 किलोमीटर लंबा यह रास्ता, जो पहले घंटों ले जाता था, अब सराय काले खां से मोदीपुरम तक केवल 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इसी के साथ मेरठ मेट्रो की शुरुआत भी इसी ढांचे पर कर दी गई है, जिससे शहर के भीतर आवागमन और आसान होगा।
भारत का यह पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। आधुनिक तकनीक, हाई स्पीड और मेट्रो जैसी सुविधाओं ने इसे देश की सबसे उन्नत रेल सेवाओं में शामिल कर दिया है।
82.15 किलोमीटर लंबे पूरे कॉरिडोर में लगभग 70 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड बनाया गया है, जबकि करीब 12 किलोमीटर ट्रैक भूमिगत है। इस पूरी परियोजना पर लगभग 30,274 करोड़ रुपये की लागत आई है, जिसे दिल्ली एनसीआर की परिवहन व्यवस्था के लिए बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
सराय काले खां स्टेशन को पूरी तरह मल्टी इंटीग्रेटेड ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है, जहां स्मार्ट टिकट मशीनें, QR कोड आधारित टिकटिंग और आने वाले समय में दिल्ली अलवर और दिल्ली करनाल कॉरिडोर को जोड़ने के लिए छह प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में महिला ड्राइवर तैनात हैं और उनके लिए अलग कोच की सुविधा भी रखी गई है।
नमो भारत ट्रेन का अंदरूनी डिजाइन बुलेट ट्रेन जैसी आधुनिक अनुभूति देता है। ड्राइवर कंसोल पूरी तरह डिजिटल है। प्रीमियम कोच में रीक्लाइनिंग सीटें, मोबाइल लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट, अतिरिक्त लेगरूम और ब्लाइंड पर्दों के साथ आरामदायक माहौल तैयार किया गया है।
कोच में यात्रियों के सामान रखने के लिए पर्याप्त जगह, खड़े होकर यात्रा करने वालों के लिए खास स्पेस, पानी की बोतल रखने की सुविधा, मैगजीन होल्डर और फुट रेस्ट जैसे प्रावधान मौजूद हैं। सुरक्षा के लिए स्वचालित दरवाजे, डिजिटल डिस्प्ले और हाई–टेक निगरानी सिस्टम लगाए गए हैं।
यह सेवा सराय काले खां से मोदीपुरम तक चलेगी। रूट में न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, शताब्दी नगर, मेरठ साउथ, बेगमपुल और मोदीपुरम जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल किए गए हैं। पहले यह सेवा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सीमित थी, लेकिन अब पूरा मार्ग यात्री उपयोग के लिए उपलब्ध है।
