इंग्लैंड के नॉटिंघम की 29 साल की सोफी डाउनिंग अचानक दुनिया की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। उनके पास मौजूद धन का अनुमान लगाएँ तो यह एलन मस्क से 1 लाख गुना ज्यादा है। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि सोफी इस दौलत का इस्तेमाल सिर्फ कॉफी और क्रोइसॉंत्स पर ही कर सकती हैं।
यह पूरी कहानी शुरू हुई 200 डिग्री कैफे से, जहां सोफी को क्रिसमस के मौके पर 10 पाउंड का वाउचर मिला। हाल ही में उन्होंने उस वाउचर से एक माचा लाटे खरीदी। जब उन्हें बिल मिला, तो उन्होंने वाउचर का बचा बैलेंस देखा और हैरानी से उनके होश उड़ गए। उनके वाउचर में 63 क्वाड्रिलियन पाउंड का बैलेंस था, यानी 63 के आगे 15 शून्य। इस आंकड़े के अनुसार थ्योरी के हिसाब से सोफी अपने सबसे नजदीकी प्रतिद्वंदी एलन मस्क से 1 लाख गुना ज्यादा अमीर बन गई हैं। उनके पास इतना धन है कि यह दुनिया की कुल इकोनॉमी से 670 गुना ज्यादा है।
सोफी ने कहा कि यह गलती कैफे की तरफ से हुई होगी। उनका मानना है कि बार कोड स्कैन हो गया था लेकिन अमाउंट सही तरह से दर्ज नहीं हुआ। इस वजह से वाउचर का बैलेंस असली रकम से बहुत ज्यादा दिखा। उन्होंने नॉटिंघमशायर लाइव को बताया कि उन्होंने वाउचर का इस्तेमाल 12 फरवरी को किया था। अगर चाहें तो इस पैसे से वह पूरी दुकान का सामान खरीद सकती हैं लेकिन वह ऐसा नहीं कर रही हैं क्योंकि इससे समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।
कैफे में मौजूद कर्मचारी भी बैलेंस देखकर हैरान रह गया लेकिन उसने कोई आपत्ति नहीं जताई। सोफी ने कहा कि यह देखकर उन्हें हंसी भी आई और हैरानी भी। लेकिन उनका मकसद केवल अपने पसंदीदा कॉफी और क्रोइसॉंत्स का आनंद लेना है, और बाकी दौलत का इस्तेमाल नहीं करना।
