मसूरी देहरादून हाईवे पर शनिवार, 21 फरवरी की सुबह एक बड़ी दुर्घटना हो गई। भट्टा गांव और मसूरी झील के बीच अचानक एक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई की ओर लुढ़क गई। हादसे में 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की तेजी की वजह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक का नाम निहाल गुप्ता है, जो सुभाष गुप्ता के पुत्र और रामपुर कला, सैनिक कॉलोनी, देहरादून के रहने वाले हैं। बताया गया कि निहाल सुबह करीब 8 बजे देहरादून से मसूरी की ओर जा रहे थे। चाणक्य गांव से ऊपर नाग मंदिर के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की खबर मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। खाई में घायल अवस्था में पड़े युवक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे मसूरी उप जिला अस्पताल भेजा गया, जहा इलाज जारी है।
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि घायल युवक की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन के अनियंत्रित होने की असली वजह क्या थी।
