ब्रिटेन के शाही परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। खबरों के मुताबिक किंग चार्ल्स के छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू को गुरुवार सुबह सैंड्रिंघम स्थित उनके घर से पुलिस ने हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उनके पुराने विवादों से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में हुई है।
प्रिंस एंड्रयू का नाम कई साल से अमेरिकी कारोबारी जेफ्री एपस्टीन केस में आता रहा है। एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण का बड़ा नेटवर्क चलाने के आरोप लगे थे। इसी मामले में वर्जीनिया गिफ्रे नाम की महिला ने आरोप लगाया था कि 2001 में, जब वह 17 साल की थीं, तब उनकी मुलाकात एंड्रयू से कराई गई और उनके साथ गलत हुआ। एंड्रयू ने इन आरोपों को हमेशा नकारा है।
यह विवाद उस समय का माना जाता है जब एंड्रयू ब्रिटेन के ट्रेड एनवॉय यानी व्यापार दूत थे। एपस्टीन से संबंधों को लेकर विवाद बढ़ा तो उन्होंने धीरे-धीरे शाही जिम्मेदारियों से दूरी बना ली।मामला बढ़ने पर शाही परिवार ने भी सख्त कदम उठाए। उनसे ‘प्रिंस’ का दर्जा, सैन्य सम्मान और कई शाही उपाधियां वापस ले ली गईं। विंडसर में उनका शाही घर खाली करने को भी कहा गया और उन्हें सार्वजनिक कार्यक्रमों से लगभग अलग कर दिया गया।
वर्जीनिया गिफ्रे ने साल 2011 में एपस्टीन नेटवर्क का खुलासा कर दुनिया को चौंका दिया था। बाद में उन्होंने प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ केस भी किया, जो बाद में समझौते से खत्म हुआ, लेकिन एंड्रयू ने गलती मानने से इनकार किया। गिफ्रे की 2025 में मौत हो गई थी। अब हिरासत की खबर के बाद यह मामला फिर चर्चा में है। जांच जारी है और आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है। शाही उपाधियां छिनने के बाद भी एंड्रयू का नाम उत्तराधिकार की सूची में बना हुआ है, लेकिन उनकी सार्वजनिक भूमिका पहले जैसी नहीं रही।
