नैनीताल में जिला कोर्ट के बाद अब हाईकोर्ट को भी बम धमकी मिलने से पूरे जिले में तनाव फैल गया है। इस बार धमकी मेल में ड्रोन बम का ज़िक्र होने के बाद पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और मेल को सुरक्षित रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, 16 और 17 फरवरी को जिला कोर्ट के जिला जज की आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल आया था, जिससे कोर्ट में दो दिन तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। न्यायिक कार्य बाधित होने के कारण कई लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। इसके बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया। कोर्ट में सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात किया गया। तल्लीताल थाना पुलिस ने मामले में दो मुकदमे दर्ज किए थे।
दो दिन की हड़बड़ी के बाद बुधवार को न्यायिक कार्य सुचारु रूप से चल रहे थे, तभी बृहस्पतिवार को एक और धमकी मेल ने खलबली मचा दी। इस बार जिला कोर्ट के साथ नैनीताल हाईकोर्ट को भी ड्रोन बम से उड़ा देने की धमकी मिली, जिसके बाद कोर्ट परिसर में काम ठप हो गया।
पुलिस ने परिसर में सुरक्षा और कड़ी कर दी है। प्रवेश करने वाले लोगों और उनके सामान की चेकिंग की जा रही है, साथ ही बाहरी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
