ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रन्स एकेडमी, हवालबाग में उत्तराखंड का पहला नागरिक शिक्षा केंद्र स्थापित

अल्मोड़ा। आज ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रन्स एकेडमी, हवालबाग, अल्मोड़ा में भारत ज्ञान विज्ञान समिति के सहयोग से उत्तराखंड का प्रथम नागरिक शिक्षा केंद्र की स्थापना की…

gyan vigyan children academy.webp?v=22

अल्मोड़ा। आज ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रन्स एकेडमी, हवालबाग, अल्मोड़ा में भारत ज्ञान विज्ञान समिति के सहयोग से उत्तराखंड का प्रथम नागरिक शिक्षा केंद्र की स्थापना की गई।

इस अवसर पर शिक्षा, प्रशासन और समाज के अनेक विशिष्टजन, अभिभावक तथा क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विजया ढौंडियाल (कुमाऊँ विश्वविद्यालय की पूर्व शिक्षा संकाय विभागाध्यक्ष), गोपाल सिंह गैड़ा (डाइट अल्मोड़ा के पूर्व प्राचार्य), सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नीरज पंत, कर्नल समीर खरे, प्रमोद तिवारी, अशोक पंत, ग्राम प्रधान पंखुड़ा कविता बिष्ट, रेखा पंत सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक, अभिभावक एवं क्षेत्रीयजन उपस्थित रहे।


नागरिक शिक्षा केंद्र का उद्देश्य औपचारिक एवं अनौपचारिक शिक्षा को सुदृढ़ करना, कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देना, बालिका शिक्षा के संवर्धन व समता का विकास करना, स्थानीय संसाधनों का संरक्षण व उपयोग, महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उनके अधिकारों को प्रोत्साहित करना है।


अपने संबोधन में डॉ. विजया ढौंडियाल ने कहा कि समाज को बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ नशा मुक्ति, रोजगार के साधन तथा नागरिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक होना होगा। उन्होंने बहुआयामी गतिविधियों के माध्यम से समग्र विकास पर बल दिया।


डायट अल्मोड़ा के पूर्व प्राचार्य गोपाल सिंह गैड़ा ने मोबाइल के दुष्परिणामों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस केंद्र के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को कौशल विकास हेतु मार्गदर्शन देकर इन चुनौतियों का समाधान किया जाएगा।


कार्यक्रम में अशोक पंत, नीरज पंत एवं प्रमोद तिवारी ने भी अपने विचार रखते हुए शिक्षा के विस्तार, नशा मुक्ति, मातृभाषा के संरक्षण और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया।


इस अवसर पर एनआरआई रमेश कुमार शाही द्वारा विद्यालय को स्मार्ट टीवी भेंट किए गए, जिसका सभी उपस्थितजनों ने स्वागत करते हुए उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर कर्नल समीर खरे द्वारा विद्यालय में संचालित इंग्लिश स्पीकिंग एवं इंग्लिश डेवलपमेंट कक्षाओं की विशेष सराहना की गई। कर्नल खरे ने अपने वक्तव्य में कहा कि वे बच्चों को यह कोर्स कराकर भविष्य में आने वाली अंग्रेज़ी बोलने व संप्रेषण से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वे निरंतर इन कक्षाओं का संचालन करते रहेंगे, ताकि बच्चों को सरकारी सेवाओं एवं अन्य प्रतिस्पर्धी अवसरों के लिए अभी से सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन गोविंद कुमार द्वारा किया गया।


अंत में प्रधानाचार्य अशोक कुमार पंत ने सभी विद्वानजनों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड का पहला नागरिक शिक्षा केंद्र बनना विद्यालय, विश्वविद्यालय एवं क्षेत्रीय जनता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो भविष्य में समाज को नई दिशा देने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Leave a Reply