हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में महिलाओं के साथ अशोभनीय हरकतें करने वाले एक युवक को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। पिछले कई दिनों से सुबह–शाम टहलने निकलने वाली महिलाओं और युवतियों को देखकर यह युवक गंदी हरकतें करता था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रभाकर मिश्रा के रूप में हुई है, जो गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के मकतूलपुरी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
स्थानीय महिलाओं ने पुलिस को बताया कि कांवड़ पटरी पर टहलते समय एक युवक लगातार उनका पीछा करता है और उन्हें देखकर अभद्र इशारे कर परेशान करता है। खासकर सिंहद्वार के पास नहर किनारे इवनिंग वॉक के दौरान वह बार–बार दिखाई देता था, जिससे महिलाएं डरी और असहज महसूस कर रही थीं। शिकायतों के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और इलाके में निगरानी बढ़ा दी।
इसी दौरान बीते रविवार को युवक फिर उसी स्थान पर पहुंच गया और राह चलती महिलाओं को देखकर दोबारा अशोभनीय हरकतें करने लगा। कुछ महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए उसकी करतूतों का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। खबर मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी हर रविवार को हरिद्वार पहुंचता था और सुनसान स्थान देखकर महिलाओं को परेशान करता था। पहले भी उसकी ऐसी हरकतों के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं। करीब एक महीने पहले भी उसका अभद्र इशारे करते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की थी।
मामले की पुष्टि करते हुए अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और ऐसे कृत्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कहीं संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
