भारत के पासपोर्ट की नई उड़ान, वैश्विक सूची में मजबूती से उछलकर 56 देशों में बिना वीजा यात्रा का अवसर

दुनिया के देशों के पासपोर्ट की स्थिति बताने वाली हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की नई रिपोर्ट जारी हो गई है। इस ताज़ा सूची में भारत के…

passport

दुनिया के देशों के पासपोर्ट की स्थिति बताने वाली हेनले पासपोर्ट इंडेक्स की नई रिपोर्ट जारी हो गई है। इस ताज़ा सूची में भारत के पासपोर्ट ने उल्लेखनीय बढ़त हासिल की है। भारत अब 75वें स्थान पर आ गया है, जबकि पिछले वर्ष वह 85वें पायदान पर था। यानी एक साल में भारतीय पासपोर्ट ने दस स्थान ऊपर की ओर छलांग लगाई है।

नई रैंकिंग के बाद भारतीय नागरिक अब बिना पहले से वीजा लिए 56 देशों की यात्रा कर सकते हैं। यह सूची पासपोर्ट की ताकत इस आधार पर तय करती है कि उसके धारक कितने देशों में बिना पूर्व अनुमति के जा सकते हैं। जितनी ऊंची रैंक होती है, उस देश के नागरिकों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा उतनी आसान मानी जाती है। पिछले कुछ समय से चली गिरावट के बाद इस बार भारत की स्थिति में फिर से सुधार देखा गया है।

भारतीय पासपोर्ट के इतिहास की बात करें तो वर्ष 2006 वह समय था जब भारत ने सबसे अच्छा स्थान हासिल किया था। उस वर्ष भारत 71वें नंबर पर था। इसके बाद लंबे समय तक भारत की स्थिति 80 के आसपास बनी रही, लेकिन मौजूदा रिपोर्ट में मिली मजबूती ने एक बार फिर भारत की छवि को संबल दिया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की यह बढ़त अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी बढ़ती प्रतिष्ठा का संकेत है। दुनिया के कई देशों में भारत को एक भरोसेमंद और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में देखा जा रहा है, जिसका सीधा लाभ भारतीय पासपोर्ट धारकों को मिल रहा है।

बिना वीजा प्रवेश देने वाले देशों की सूची में अंगोला, बारबाडोस, भूटान, ब्रिटिश वर्जिन द्वीप, कुक द्वीप, डोमिनिका, फिजी, ग्रेनाडा, हैती, जमैका, कजाकिस्तान, केन्या, किरिबाती, मकाओ, मलेशिया, मॉरिशस, माइक्रोनेशिया, मोंटसेराट, नेपाल, फिलीपींस, रवांडा, सेनेगल, सेशेल्स, सेंट किट्स नेविस, सेंट विंसेंट, थाईलैंड, त्रिनिदाद Tobago और वानुअतु शामिल हैं।

इसके अलावा कुछ देशों में भारतीय नागरिकों को पहुंचते ही वीजा प्राप्त हो जाता है। इनमें अल्बानिया, कंबोडिया, केप वर्दे द्वीप, कोमोरो द्वीप, जिबूती, इथियोपिया, गिनी बिसाऊ, इंडोनेशिया, जॉर्डन, लाओस, मेडागास्कर, मालदीव, मार्शल द्वीप, मंगोलिया, मोजाम्बिक, म्यांमार, नियू, पलाऊ द्वीप, कतर, समोआ, सिएरा लियोन, श्रीलंका, सेंट लूसिया, तंजानिया, तिमोर लेस्ते, तुवालु और जिम्बाब्वे का नाम शामिल है।

ताज़ा सूची में सिंगापुर पहले स्थान पर बना हुआ है। इसके पासपोर्ट से 192 देशों में बिना वीजा यात्रा संभव होती है। दूसरे स्थान पर जापान और दक्षिण कोरिया संयुक्त रूप से हैं, जहां इनके नागरिक 187 देशों में बिना वीजा प्रवेश पा सकते हैं। तीसरे स्थान पर स्वीडन और संयुक्त अरब अमीरात हैं जिनके पासपोर्ट 186 देशों तक पहुंच देते हैं।

चौथे पायदान पर फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन और स्विट्जरलैंड संयुक्त रूप से मौजूद हैं। इन देशों के पासपोर्ट धारक 185 देशों तक सीधे जा सकते हैं। इनके बाद ऑस्ट्रिया, ग्रीस, माल्टा और पुर्तगाल का स्थान आता है, जिनके नागरिक 184 देशों में बिना वीजा पहुंच पाते हैं। शीर्ष दस में ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, कनाडा और न्यूजीलैंड भी शामिल हैं।

Leave a Reply