जीजीआईसी द्वाराहाट की छात्राओं ने किया उत्तराखंड विधानसभा गैरसैंण का भ्रमण

द्वाराहाट। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, द्वाराहाट की कक्षा 11 एवं 12 की 57 छात्राओं ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण (भराड़ीसैंण) का शैक्षिक…

students-ggic-dwarahat-visited-uttarakhand-legislative-assembly-gairsain

द्वाराहाट। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, द्वाराहाट की कक्षा 11 एवं 12 की 57 छात्राओं ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण (भराड़ीसैंण) का शैक्षिक भ्रमण किया।


इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधायी प्रक्रिया तथा उत्तराखंड की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। भ्रमण दल को विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनिका नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


चमोली जनपद में स्थित उत्तराखंड विधानसभा भवन पहुँचकर छात्राओं ने इस भव्य एवं आधुनिक संरचना का सूक्ष्म अवलोकन किया।

उन्होंने विधानसभा के सदन कक्ष, बैठक व्यवस्था, विधायकों के आसन, दर्शक दीर्घा तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं को बताया गया कि किस प्रकार सदन में विधायी कार्यवाही संचालित होती है और लोकतंत्र में विधानसभा की क्या भूमिका होती है।

यह अनुभव छात्राओं के लिए पाठ्यपुस्तकों से बाहर निकलकर जीवंत लोकतंत्र को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।


इसके अतिरिक्त छात्राओं ने रामगंगा नदी एवं उसके प्रवाह का अवलोकन किया। नदी के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्हें जल संरक्षण, नदी आधारित सभ्यता और स्थानीय जीवन में रामगंगा की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। यह भाग छात्राओं के लिए भूगोल, पर्यावरण अध्ययन और सामाजिक विज्ञान के ज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर बना।


इस शैक्षिक भ्रमण दल का नेतृत्व प्रवक्ता माया मेहरा एवं डॉ. मंजू रावत ने किया। भ्रमण के दौरान चित्रा पांडे ,आलिया सैफी एवं रेनू जोशी ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए अनुशासन, सुरक्षा एवं शैक्षिक उद्देश्यों की पूर्ति में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

भ्रमण से लौटने पर छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस यात्रा ने उन्हें लोकतंत्र, प्रकृति और उत्तराखंड की पहचान को गहराई से समझने का अवसर दिया। विद्यालय प्रशासन ने इसे छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल बताया।

Leave a Reply