पौड़ी गढ़वाल जिले से एक बेहद शर्मनाक खबर सामने आई है। यहां कोटद्वार पुलिस ने सौतेली नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में 32 साल के पिता को हिरासत में लिया है। मामले में पीड़िता की मां ने कोटद्वार पुलिस कोतवाली में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा गया था कि उसकी नाबालिग बेटी 6 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे से घर से लापता है। पुलिस ने आरोपी पिता को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पौड़ी जिले में एक पिता पर अपनी सौतेली नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने एक नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के मामले का खुलासा करते हुए उसके सौतेले पिता को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस की तत्परता से न केवल बालिका सकुशल मिल गई, बल्कि घर के भीतर चल रहे इस जघन्य अपराध का भी पर्दाफाश हो गया। दरअसल, 6 फरवरी को कोटद्वार निवासी एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी नाबालिग बेटी बिना बताए कहीं चली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर खोजबीन के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस ने दर्जनों सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जांच में पता चला कि बालिका 6 फरवरी की सुबह अपनी नानी के पास बीईएल रोड गई थी। नानी ने बताया कि बच्ची बहुत डरी हुई थी और अपने माता-पिता के साथ रहने से मना कर रही थी। नानी ने उसे सिगड़ी क्षेत्र में एक परिचित के घर छोड़ दिया था। जहां से पुलिस ने उसे सकुशल अपनी हिफाजत में ले लिया। जब पुलिस ने बालिका को विश्वास में लेकर पूछताछ की तो उसने जो बताया वह झकझोर देने वाला था।
पीड़िता ने बताया कि 5 फरवरी की रात उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना से बुरी तरह सहमी हुई बालिका अगले दिन सुबह 7 बजे घर से भाग निकली थी। बालिका के बयानों के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ BNS की सुसंगत धाराओं, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पौड़ी पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को 7 फरवरी को नजीबाबाद रोड से गिरफ्तार किया. आरोपी को कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
