अल्मोड़ा बैडमिंटन कप 2026 का भव्य समापन, नैनीताल बैंक के MD सुशील कुमार लाल ने नवाजे भविष्य के चैंपियन

अल्मोड़ा। देवभूमि की खेल पौधशाला अल्मोड़ा के बैडमिंटन कोर्ट पर दो दिनों से जारी शटल और रैकेट का रोमांच आज पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न…

अल्मोड़ा। देवभूमि की खेल पौधशाला अल्मोड़ा के बैडमिंटन कोर्ट पर दो दिनों से जारी शटल और रैकेट का रोमांच आज पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गया। जिला बैडमिंटन संघ, अल्मोड़ा द्वारा आयोजित और नैनीताल बैंक द्वारा प्रायोजित ‘अल्मोड़ा बैडमिंटन कप 2026’ ने स्थानीय प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नैनीताल बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) एवं सीईओ श्री सुशील कुमार लाल ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनमें नई ऊर्जा का संचार किया।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272 25


नैनीताल बैंक की प्रतिबद्धता और युवाओं को प्रोत्साहन
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एमडी सुशील कुमार लाल ने कहा कि नैनीताल बैंक केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाता है। उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा। इस दौरान बैंक के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने सफल आयोजन की सराहना की। प्रतियोगिता में अंडर-13 से लेकर वरिष्ठ वर्ग तक लगभग 140 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Grand finale of Almora Badminton Cup 2026 Nainital Bank MD Sushil Kumar Lal honored future champions


मैदान की जंग: जोशी-नवनीत और अहिंसा का रहा जलवा
टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा ध्यान मास्टर्स और ओपन कैटेगरी के मुकाबलों ने खींचा। मास्टर्स डबल्स के फाइनल में डी.के. जोशी और नवनीत कुमार की जोड़ी ने अपने अनुभव और फुर्ती का बेजोड़ संगम पेश करते हुए के.के. खोलिया और सोमिल अग्रवाल की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-14, 21-10 से परास्त कर चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया।


ओपन वर्ग के परिणामों की बात करें तो महिला सिंगल्स में अहिंसा रौतेला ने खिताब अपने नाम किया, जबकि गायत्री रावत द्वितीय स्थान पर रहीं। महिला डबल्स में दिशा दानु और अहिंसा रौतेला की जोड़ी प्रथम रही। पुरुष डबल्स में डी.के. जोशी और नवनीत कुमार की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि भास्कर व के.के. कोहलिया दूसरे स्थान पर रहे। ओपन पुरुष सिंगल्स में गौरव भट्ट ने खिताबी जीत दर्ज की।


जूनियर वर्ग में उभरे नए सितारे
140 से अधिक प्रतिभागियों वाले इस टूर्नामेंट में अंडर-13 और अंडर-17 वर्ग के मुकाबलों ने भविष्य की उम्मीदें जगाईं। अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स में अहिंसा रौतेला ने दोहरा प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। अंडर-17 बॉयज सिंगल्स में सागर बहुगुणा ने अभिनव टम्टा को एक बेहद कड़े मुकाबले में हराकर ट्रॉफी जीती। अंडर-13 वर्ग में प्रियांशी गोस्वामी, यशस्वी जोशी और नैतिक जोशी ने अपनी तकनीकी पकड़ से सबको प्रभावित किया।


प्रतियोगिता के आयोजन में खेल जगत के कई दिग्गजों की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर उत्तराँचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बी.एस. मनकोटी, कोषाध्यक्ष राम अवतार,सुरेश कर्नाटक,सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उपाध्यक्ष राकेश जायसवाल, प्रशासनिक उपाध्यक्ष गोकुल मेहता, उपसचिव संजय बजाज, कोषाध्यक्ष नन्दन सिंह रावत, सलाहकार डॉ. एस.एस. फल्याल और मीडिया प्रभारी डी.के. जोशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। तकनीकी व्यवस्थाओं को उप क्रीड़ा अधिकारी अरुण बंग्याल, क्रिकेट कोच लियाकत अली खान और रैफरी जीवन बोरा की टीम ने बखूबी संभाला। जिला बैडमिंटन संघ ने सफल प्रायोजन के लिए नैनीताल बैंक का विशेष आभार जताया।