देहरादून: उत्तराखंड में इस बार गणतंत्र दिवस का जश्न कुछ अलग अंदाज़ में मनाया जाएगा। इस बार राज्य की सभी मस्जिदों और मदरसों में तिरंगा फहराने का निर्णय लिया गया है। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने अपने सभी मस्जिदों और मदरसों को 26 जनवरी को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के आदेश दिए हैं।
उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के आदेश में बताया गया है कि गणतंत्र दिवस भारत का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है, जो हर साल 26 जनवरी को मनाया जाता है। इस वर्ष भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। भारतीय संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाया और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया।
इस दिन देश को पूर्ण रूप से गणराज्य घोषित किया गया और कानून का शासन स्थापित हुआ।
आदेश में यह भी बताया गया है कि गणतंत्र दिवस पर देशभक्तों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे देशभक्ति और एकता का संदेश फैलता है। विश्वभर में बसे भारतीय और भारत के दूतावास भी इस दिन हर्षोल्लास के साथ समारोह मनाते हैं।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने सभी वक्फ प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वक्फ परिसर में ध्वजारोहण सुनिश्चित करें और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करें। साथ ही सभी को इन निर्देशों का पालन कड़ाई से करने के लिए कहा गया है।
