हल्द्वानी। परिवहन निगम ने बसों की कमी को देखते हुए मुख्यालय से 100 नई बसों का डिपोवार आवंटन कर दिया गया है। जिसमें नैनीताल रीजन को सिर्फ 12 बसें मिलेंगी। वहीं अल्मोड़ा, बागेश्वर, काठगोदाम डिपो को एक भी बस नहीं मिली है।
प्रदेश के साथ ही कुमाऊं में रोडवेज के डिपो में पहाड़ी रूटों पर चलने वाली बसों की कमी को देखते हुए निगम ने नई बसें खरीदी हैं। जिसके लिए डिपोवार डिमांड मांगी गई थी। बीते दिनों नैनीताल रीजन से 30 बसों की डिमांड मुख्यालय भेजी गई थी। अब इन बसों का आवंटन किया गया है। जिसमें पर्वतीय डिपो देहरादून को सबसे अधिक 54 बसें मिली हैं। सबसे अधिक 76 बसें प्राप्त करने में भी दून रीजन आगे है। नैनीताल रीजन के रानीखेत, भवाली डिपो को दो-दो और हल्द्वानी व रामनगर डिपो को चार-चार बसें मिलेंगी जबकि टनकपुर रीजन को भी 12 बसें दी जा रही हैं।
क्रांति सिंह, जीएम संचालन परिवहन निगम ने अनुसार नई बसें मिलने के बाद रजिस्ट्रेशन की कार्यवाही चल रही है। जल्द ही डिपोवार बसें भेज दी जाएंगी।
