देहरादून। उत्तराखंड में हुनर की कोई कमी नहीं है। खेल हो या फिल्में, राजनीति हो या देश की सरहद पर डटे जवान, हर जगह इस पर्वतीय राज्य के युवा अपनी पहचान बनाते दिख जाते हैं। पहाड़ की मिट्टी से निकली प्रतिभाओं को लोगों ने हमेशा सराहा है। इन दिनों एक और नया नाम लगातार सुर्खियों में छाया हुआ है। यह नाम है मान पानू, जो अपनी आवाज से संगीत की दुनिया में अलग जगह बना रहे हैं।
कुमाऊं के छोटे से इलाके से ताल्लुक रखने वाले मान पानू सिर्फ 25 साल के हैं। उम्र भले कम हो, लेकिन उनकी आवाज में ऐसी गहराई है कि सुनने वाले थम जाते हैं। आजकल मान पानू के गानों की लाइनें लोगों की जुबान पर चढ़ी हुई हैं। वह इस समय सिंगिंग रियलिटी शो I poposter में हिस्सा ले रहे हैं, जहां अपनी बेहतरीन आवाज और गानों के शब्दों के चलते उन्होंने सभी को प्रभावित किया है। सोशल मीडिया पर लाखों लोग उनके गाने सुन रहे हैं, और इसी लिस्ट में अब सलमान खान का नाम भी जुड़ गया है।
मान पानू मूल रूप से नैनीताल जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने कुमाऊं यूनिवर्सिटी से मैथ्स में डिग्री ली है। साल 2022 से वह मुंबई में असिस्टेंट म्यूजिक प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। रियलिटी शो में I M DONE गाना गाने के बाद से वह तेजी से वायरल हुए हैं। इस गाने के बोल लोगों को इतने पसंद आए कि हर सोशल प्लेटफॉर्म पर इसे खूब शेयर किया जा रहा है। उनके बाकी गाने भी अब तेजी से देखे और सुने जा रहे हैं, जिससे उनकी पहुंच लगातार बढ़ रही है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और बाकी प्लेटफॉर्म पर उनके फॉलोअर्स में तेजी से इजाफा हो रहा है।
बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने भी मान पानू की तारीफ करते हुए उनका गाना अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। सलमान खान ने लिखा कि बहुत वक्त बाद कोई बेहतरीन ट्रैक सुनने को मिला, काश यह गाना मेरा होता। सलमान ने इस पोस्ट में मान पानू को टैग भी किया, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई।
शो में जज भी उनके फैन हो चुके हैं। हाल ही में जब मान पानू के माता-पिता शो में पहुंचे तो पूरा माहौल भावुक हो गया। उनकी मां ने मंच पर कहा कि तेरी मेहनत की वजह से हम यहां तक आए हैं, आज पहली बार जहाज में भी बैठे। मान पानू की लगन और संघर्ष ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
