अल्मोड़ा: विवेकानन्द विद्या मंदिर इंटर कॉलेज रानीधारा अल्मोड़ा के छात्र रवि बिष्ट तथा राइका भगतोला के छात्र अभिनव सिंह मेहरा का चयन एनसीईआरटी राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए हुआ है।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी भोपाल में (आगामी 18-23 नवम्बर 2025 तक) जनपद अल्मोड़ा के दोनों बाल वैज्ञानिक उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला समन्वयक विनोद कुमार राठौड़ ने बताया कि उत्तराखण्ड से कुल 7 बाल वैज्ञानिकों का चयन एनसीईआरटी द्वारा किया गया है।
जिसमें दो बाल वैज्ञानिकों का चयन जनपद अल्मोड़ा से हुआ है। रवि बिष्ट के मार्गदर्शक शिक्षक दीपक मेहता तथा अनिभव के मार्गदर्शक शिक्षिका नीमा बोरा हैं।
रवि बिष्ट द्वारा ऑरडेनोंमेघा आधारित रोबोटिक्स खेती प्रणाली एक उन्नत और बुद्धिमान कृषि मॉडल बनाया गया है, जिसे खेती को अधिक प्रभावी और स्वचालित बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इस प्रणाली में ऑरडेनोंमेघा माइक्रोकंट्रोलर का उपयोग किया जाता है, जो खेत या पॉलीहाउस के अंदर मिट्टी की नमी, तापमान, आर्द्रता और प्रकाश की तीव्रता जैसे विभिन्न पर्यावरणीय मानकों की निगरानी और नियंत्रण करता है। विभिन्न प्रकार के सेंसर ऑरडेनोंमेघा बोर्ड से जुड़े होते हैं, जो लगातार खेत से वास्तविक समय डेटा एकत्र करते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर प्रणाली अपने आप वाटर पंपए पंखे और लाइट्स जैसी उपकरणों को संचालित करती है, ताकि फसलों के लिए आदर्श बढ़ने की परिस्थितियाँ बनी रहें। इससे न केवल मानव श्रम में कमी आती है, बल्कि पानी की बचत होती है और फसल की गुणवत्ता व उत्पादन में भी सुधार होता है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक खेती के तरीकों में आधुनिक ऑटोमेशन और रोबोटिक्स को शामिल करना है, जिससे स्मार्ट टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल कृषि को बढ़ावा दिया जा सके।
दूसरी ओर अभिनव मेहरा द्वारा गणित पार्क का मॉडल बनाया गया है। जिसकी सहायता से सभी बच्चें बेसिक गणित की आवधारणायें आसानी से और खेल-खेल में सीख सकते है। गणित पार्क के अन्तर्गत संख्या रेखा, संख्याओं के प्रकार, ज्यामिति आकृतियॉ, एचसीएफ, एलसीएम ज्ञात करने वाली प्रणालियॉ को बच्चें आसानी से सीख सकते है। जिला समन्वयक विज्ञान विनोद कुमार राठौर द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिवर्ष जनपद के अनेक छात्र/छात्राओं द्वारा उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व लगातार किया जा रहा है।
विगत् वर्ष भी राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी जो पूर्णे महाराष्ट्र में आयोजित हुई थी, जनपद के तीन बाल वैज्ञानिकों द्वारा उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व किया गया था। जिला समन्वयक विज्ञान विनोद कुमार राठौर द्वारा जनपद के बाल वैज्ञानिकों को लगातार मार्गदर्शन प्रदान किया जाता रहा है।
बाल वैज्ञानिकों के इस उपलब्धि पर नगर निगम महापौर अजय वर्मा, विधायक मनोज तिवाड़ी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रधुनाथ सिंह चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चन्दन सिंह बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला रवि मेहता हरेंद्र शाह। प्रेमा बिष्ट वंदना रौतेला प्रधानाचार्य, कमलेश जोशी, प्रधानाचार्य, मोहन सिंह रावल, प्रधानाचार्य यूसी पाण्डेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी पुष्कर सिंह भैसोड़ा, धीरेन्द्र पाठक, जिला समन्वयक विनोद राठौर, जिला समन्वयक प्रदीप सिंह बिष्ट, नीरज जोशी, जिला संदर्भ व्यक्ति विज्ञान भुवन पाण्डेय, एल0एम0 पाण्डेय, धीरज कुमार, पंकज मेर, पंकज जोशी, डॉ0 दीप जोशी आदि शिक्षकों तथा कर्मचारियों द्वारा बाल वैज्ञानिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करने के साथ-साथ राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने हेतु शुभकामनायें प्रेषित की है।
