कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, नैनीताल में 4 नवंबर को होगा भव्य आयोजन

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के इतिहास में एक स्वर्णिम पल जुड़ने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह…

27ntl06

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के इतिहास में एक स्वर्णिम पल जुड़ने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने सोमवार को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह आगामी 4 नवंबर को डीएसबी परिसर स्थित ए.एन. सिंह प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा।

कुलपति प्रो. रावत ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू 90 मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान करेंगी। इसके साथ ही 234 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, तीन को डी.लिट, सात विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और 16 हजार 183 स्नातक व स्नातकोत्तर छात्रों को डिग्रियां दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।

प्रो. रावत ने कहा कि विश्वविद्यालय ने इस वर्ष शोध के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही पटवाडांगर स्थित भूमि अब विश्वविद्यालय के नाम दर्ज हो चुकी है, जहां तीसरे परिसर की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का विश्वविद्यालय आगमन कुमाऊं और उत्तराखंड दोनों के लिए गर्व का क्षण होगा।

प्रेस वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, कुल सचिव डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल, भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. संजय पंत और पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो. गिरीश रंजन तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।