पीएम मोदी के जन्मदिन की अनोखी कहानियां, 2014 से 2025 तक हर साल रहा यादगार पल, देखिए

नई दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश विदेश से…

IMG 20250917 120145

नई दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश विदेश से बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें फोन पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि आप शानदार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार जताते हुए धन्यवाद दिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपने अपने नेतृत्व और कड़ी मेहनत से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और आज पूरा विश्व भी आप पर भरोसा जता रहा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी स्वस्थ और प्रसन्न रहें और आगे भी देश का नेतृत्व करते हुए प्रगति की नई मिसाल कायम करें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन हमेशा से खास रहे हैं। 2014 में जब वे पहली बार प्रधानमंत्री बने थे तो उन्होंने गांधीनगर जाकर अपनी मां हीराबेन का आशीर्वाद लिया था। मां ने उन्हें कुछ रुपये दिए थे जिन्हें उन्होंने जम्मू कश्मीर राहत कोष में दान कर दिया था। उसी दिन भाजपा ने स्वच्छता अभियान चलाया था।

2015 में उन्होंने अपना 65वां जन्मदिन शौर्यांजलि प्रदर्शनी में शामिल होकर मनाया था। इस दौरान पूरे देशभर में उनके जन्मदिन का जश्न मनाया गया और कार्यकर्ताओं ने 365 किलो का लड्डू बांटा था। 2016 में वे फिर गुजरात गए और मां का आशीर्वाद लिया। उस दिन उन्होंने दिव्यांगों के लिए शिविर में हिस्सा लिया और करोड़ों की पेयजल परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

2017 में भी वे मां से मिले और सरदार सरोवर बांध का उद्घाटन किया। साथ ही स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा किया और इस दिन को पूरे देश में सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। 2018 में वे अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। वहां उन्होंने छात्रों के साथ समय बिताया और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की। उन्होंने वाराणसी को सैकड़ों करोड़ की योजनाओं की सौगात दी।

2019 में वे गुजरात के केवडिया गए। मां हीराबेन के साथ भोजन किया और फिर दिल्ली लौट आए। 2020 में कोरोना महामारी की वजह से जन्मदिन सादगी से मनाया गया। किसी बड़े कार्यक्रम का आयोजन नहीं हुआ और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गरीबों को फल बांटकर दिन को खास बनाया।

2021 में भी कोरोना का असर रहा। प्रधानमंत्री ने जन्मदिन पर सेवा और समर्पण अभियान की शुरुआत की और डॉक्टरों वैज्ञानिकों का आभार जताया। 2022 में वे मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क पहुंचे और नामीबिया से लाए गए चीतों को पार्क में छोड़ा। 2023 में उन्होंने दिल्ली में इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया और विश्वकर्मा योजना की शुरुआत की।

2024 में तीसरी बार सत्ता में आने के 100 दिन पूरे होने पर उन्होंने भुवनेश्वर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों का उद्घाटन किया और वहीं जन्मदिन मनाया।

अब 2025 में प्रधानमंत्री मोदी अपना 75वां जन्मदिन मध्य प्रदेश में मना रहे हैं। यहां वे महिलाओं और परिवारों से जुड़े एक बड़े अभियान की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर देशभर में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है और सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक बधाई का सिलसिला लगातार जारी है।