देर रात पार्टी करके लौट रहे डॉक्टर की बाइक आगे जा रही फॉर्च्यूनर कर से टकरा गई। चकराता रोड पर एफआरआई गेट के पास रात हुए हादसे में डॉक्टर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह ग्राफिक एरा अस्पताल में नौकरी कर रहे थे और हिमाचल के रहने वाले थे।
धूलकोट स्थित अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग के 27 वर्षीय जूनियर डॉक्टर केतन चौधरी कुछ दोस्तों के साथ शहर में एक पार्टी में शामिल होने गए थे। रात को करीब 1:30 बजे वह और उनके साथी बाइक से लौट रहे थे।
बल्लूपुर चौक के पार करते ही केतन चौधरी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और वे अन्य साथियों से आगे निकल गए।
केतन गेट के पास पहुंचे तो उनकी तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही फॉर्च्यूनर कर से टकरा गई। टक्कर इतनी ज्यादा तेज थी कि कार का पिछला टायर फट गया डॉक्टर बाइक से उछला और कार से टकरा गया और करीब 20 फीट दूर सड़क की दूसरी ओर जा गिरा।
कुछ देर बाद केतन के अन्य साथी भी मौके पर आए। पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए रात 1:37 पर कैंट कोतवाली पुलिस को इस हादसे के बारे में सूचना दी गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल डॉक्टर केतन को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती करवाया।
वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर कैंट केसी भट्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। केतन हिमाचल में कांगड़ा जिले के रहने वाले थे।
