28 साल की पत्नी की गला रेतकर हत्या से कांपा उत्तरकाशी, फरार पति पर हत्या का शक

उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र के बयाणा गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां एक शख्स ने…

IMG 20250913 111011

उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र के बयाणा गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मामला बयाणा गांव का है जहां 32 साल के विष्णु चौहान ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी वर्षा पर धारदार हथियार और डंडों से हमला किया। बुरी तरह पिटाई और हमले में वर्षा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव में सबसे पहले उसकी जेठानी को हुई जिसने पुलिस को फोन कर बताया कि वर्षा बाथरूम में अचेत पड़ी है और उसका पति घर से गायब है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में वर्षा को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों ने बताया कि वर्षा के सिर पर गंभीर चोटें थीं और गले पर दबाव के निशान मिले हैं। मायके पक्ष ने पति विष्णु पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिशें शुरू कर दी हैं। थानाध्यक्ष मनोज असवाल ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

वर्षा के परिजनों का कहना है कि उसका पति नशे का आदी था और पहले भी उसके साथ मारपीट करता रहा है। करीब छह महीने पहले वर्षा अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी लेकिन पंचायत चुनाव से पहले दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ और वर्षा फिर ससुराल लौट आई। परिजनों को उम्मीद थी कि अब हालात सुधर जाएंगे लेकिन यह घटना सबको झकझोर गई।

वर्षा के पिता चत्तर सिंह पंवार ने बताया कि उनकी सात बेटियां हैं और वर्षा पांचवें नंबर की थी। दस साल पहले उसकी शादी विष्णु से की गई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि बेटी को ससुराल भेजने के डेढ़ महीने बाद ही उसकी मौत की खबर मिलेगी।

वर्षा अपने पीछे सात और छह साल के दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है जिनकी परवरिश की जिम्मेदारी अब मायके वालों पर आ गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कई टीमें आरोपी की तलाश में लगी हुई हैं।