उत्तराखंड में तबाही का दौर अभी भी थमा नहीं है। चमोली जिले में एक बार फिर बादल फटने की घटना सामने आई है। ये घटना तहसील देवाल के मोपाटा में हुई है, जिसमें दो लोगों के लापता होने की खबर है।
2 व्यक्ति तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता बताए जा रहे है, वहीं दो अन्य व्यक्ति विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल हैं। प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि आवास के पास मौजूद गौशाला भी मलबे में दब गई है। इसमें लगभग 15 से 20 जानवर दब गए हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग के बसु केदार क्षेत्र केबड़ेथ डुंगर तोक और चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में बादल फटने से मलबा आया है।
इसकी वजह से कुछ परिवार अभी भी फंसे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य कर रहा है। मैं लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और आपदा सचिन बाबा जिलाधिकारी को निर्देश भी दिए कि बचाव कार्य सही तरीके से और तेजी से किया जाए।
रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी का भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अलकनंदा नदी खतरे के निशान के ऊपर आ गई है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। नदी का पानी आवासीय घरों में घुस गया है। जिसके चलते प्रशासन प्रभावित घरों को खाली कर रही है।
हालात गंभीर है रुद्रप्रयाग का हनुमान मंदिर भी डूब गया है। वहीं, केदारघाटी के लवारा गांव में मोटरमार्ग पर बना पुल तेज बहाव में बह गया है। छेनागाड़ क्षेत्र में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मंदाकिनी नदी का जलस्तर 2013 जैसी भयावह स्थिति की याद दिला रहा है।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन का कहना है कि बसु केदार क्षेत्र में अतिव्रष्टि के बाद 4 घर बहने की सूचना है, सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है और स्थिति पर नज़र बनाये हुए हैं। भारी बारिश को देखते हुए रुद्रपरायग, बागेश्वर, चमोली, हरिद्वार और पिथौरागढ़ जिलों में आज स्कूलों की छुट्टी की गई है।
हरिद्वार में भी बारिश लगातार हो रही है। यहां जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भारी बारिश को देखकर स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र को बंद रखने का निर्देश दिए हैं। पिथौरागढ़ में लगातार बारिश होने की वजह से मौसम की स्थिति काफी खराब है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद कर दिया है।
बता दें कि उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से पर्वतीय जिलों में भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं तेज़ी से बढ़ रही हैं। चमोली जिले में भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग लाता गांव के पास अचानक पहाड़ी टूटने से बंद हो गया, जिससे एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है। यहां सड़क को खोलने का काम जारी है।
मौसम विभाग ने 29 अगस्त के लिए देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ में तेज बारिश के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। वहीं बाकी क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। उत्तराखंड में अगले दो दिन अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश को देखते हुए पूरे प्रदेश को येलो अलर्ट पर रखा हुआ।
