उत्तराखंड राज्य संपति विभाग ने देहरादून के कैबिनेट मंत्री स्तर के तीन आवासों को खाली करने के लिए नोटिस जारी कर दिया है। इसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को इस्तीफा के चलते जबकि चंदन रामदास के निधन के बाद उनके परिजनों को आवास खाली करने के लिए कहा गया था। एक आवास सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी को भी मिला है उन्हें भी आवास खाली करना है।
बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास का अप्रैल 2023 में निधन हो गया था। उन्हें दून की यमुना कॉलोनी में एक आवास अलॉट किया गया था जो उन के निधन के बाद राज्य संपत्ति विभाग को नहीं मिल पाया। बीते 16 मार्च को प्रेमचंद अग्रवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें भी आवास खाली करना था। आवास खाली नहीं होने पर राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्था अधिकारी रविंद्र पांडेय ने नोटिस जारी कर दिए।
बुधवार को सचिव, राज्य संपत्ति रणवीर सिंह चौहान ने नोटिस भेजे जाने की पुष्टि की। इस बीच, राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बुधवार को विधानसभा पहुंचकर, मंत्रियों के रिक्त कार्यालयों की स्थिति परखी। साथ ही मंत्री ऑफिसों में चल रहे अधिकारियों के दफ्तरों का भी ब्योरा लिया।
उन्होंने सभी ऑफिसों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए ताकि मंत्रिमंडल विस्तार की स्थिति में कार्यालय आवंटन में कोई दिक्कत सामने न आए।
राज्य संपति विभाग के स्तर से अचानक तेजी को मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर संकेत दे चुके हैं। उनके विधानसभा पहुंचने को भी मंत्रिमंडल विस्तार से ही जोड़कर देखा जा रहा है।
इसी बीच राज्य संपति विभाग ने अपने वाहन बेड़े में कुछ बेहतर स्थिति वाले इनोवा वाहनों को भी रिजर्व में रख दिया है।
