नैनीताल के मल्लीताल में ओल्ड लंदन हाउस आग की भेंट, भीषण लपटों में बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत

नैनीताल के मल्लीताल इलाके में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मोहन चौराहे पर स्थित ओल्ड लंदन हाउस में अचानक आग भड़क उठी।…

नैनीताल के मल्लीताल इलाके में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मोहन चौराहे पर स्थित ओल्ड लंदन हाउस में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरे मकान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इस हादसे में घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।

आग लगते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को खबर दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम भी जुटी रही। राहतकर्मियों ने घर से महिला का शव बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

जानकारी के अनुसार जिस मकान में आग लगी वह लकड़ी से बना पुराना घर था। इसी कारण आग तेजी से फैली और पूरे घर के साथ सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस आगजनी में 85 वर्षीय शानो देवी की जान चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला अपने बेटे के साथ उसी घर में रहती थीं। घटना के समय बेटा घर से बाहर था जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन मां घर के भीतर ही फंस गई और बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

आईजी रिद्धि अग्रवाल ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि अगर समय रहते दमकल और पुलिस नहीं पहुंचती तो पास की दुकानें और मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। शुरुआती जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देर रात हुए इस अग्निकांड से पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल रहा और लोगों ने राहत की सांस तब ली जब आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।