गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में 21 साल की सबसे युवा ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। प्रियंका नेगी पहली बार चुनाव लड़कर सारकोट गांव की बागडोर संभाली हैं और मुख्यमंत्री से विकास कार्यों के लिए आभार जताया और कई जरूरी मांगें रखीं।
प्रियंका नेगी ने सीएम धामी से सड़क निर्माण की स्वीकृति, आंतरिक रास्तों की मरम्मत, जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास, रास्तों में सोलर लाइट की व्यवस्था और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाल और महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग की।
सीएम धामी ने प्रियंका नेगी की बताई गई समस्याओं का जल्द समाधान करने का भरोसा दिलाया और संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासन को निर्देश दे दिए। उन्होंने कहा कि सारकोट गांव आदर्श बनेगा और उत्तराखंड के अन्य गांवों के लिए मिसाल पेश करेगा।
सारकोट गांव गैरसैंण विकासखंड में भराड़ीसैंण विधानसभा भवन के पास है और इसे मुख्यमंत्री ने गोद लिया हुआ है। ग्राम प्रधान बनने से पहले प्रियंका के पिता भी दो बार प्रधान रह चुके हैं। इस बार सारकोट की सीट महिला के लिए आरक्षित थी और ग्रामीणों ने युवा प्रियंका पर भरोसा जताकर उन्हें चुना।
