नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में हुआ हंगामा अब राजनीतिक रंग पकड़ता जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन सिंह कार्की ने इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को पत्र लिखा है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कार्की का आरोप है कि 14 अगस्त को चुनाव के दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेताओं और विधायकों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने उत्तराखंड सरकार पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा नेताओं के खिलाफ गाली गलौज और धमकी भरी बातें कहीं। इतना ही नहीं कई लोगों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां भी की गईं जिनके वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
नितिन कार्की का कहना है कि इस मामले में न्याय के लिए सख्त कदम जरूरी हैं। उन्होंने साफ कहा कि दीपा दरमवाल की तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज होना चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उधर विधायक सरिता आर्या ने भी कांग्रेस नेता लखन सिंह की टिप्पणी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे उत्तराखंड की जनता के नेता हैं। उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना बेहद शर्मनाक है और किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस विवाद के बीच विधायक सुमित हृदेश पर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने जिला पंचायत सदस्यों के प्रमाण पत्र अपने कब्जे में ले लिए। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए विरोध जताया।
