विकासनगर हादसा: गहरी खाई में गिरा वाहन, SDRF कर रही लापता की तलाश

विकासनगर इलाके में हरिपुर मीनस मोटर मार्ग पर बुधवार की सुबह एक पिकअप लोडर हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि यह वाहन विकासनगर…

विकासनगर इलाके में हरिपुर मीनस मोटर मार्ग पर बुधवार की सुबह एक पिकअप लोडर हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि यह वाहन विकासनगर से हिमाचल की तरफ जा रहा था। रास्ते में खकयड़ के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब सौ मीटर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे टौंस नदी में समा गई।

25
26

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत ग्राम प्रहरी को खबर दी। ग्राम प्रहरी ने यह जानकारी राजस्व उपनिरीक्षक बुल्हाड और क्वानू को दी। इसके बाद मौके पर पटवारी सुखदेव जिन्नाटा और पीआरडी जवान पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी सूचित किया गया।

राजस्व उपनिरीक्षक सुखदेव जिन्नाटा ने बताया कि इस गाड़ी में दो लोग सवार थे। एक का नाम मोहम्मद अजल है जो सहारनपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसे हल्की चोटें आई हैं और प्राथमिक इलाज के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। दूसरा व्यक्ति मोहम्मद आरिश है जो नेहरूवा शिमला हिमाचल प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। वह हादसे के बाद से लापता है।

हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। नदी के बहाव और गहराई को देखते हुए सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। लेकिन टीम पूरी कोशिश में लगी हुई है कि लापता युवक को जल्द से जल्द ढूंढ निकाला जाए।

उत्तराखंड में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हर दिन कहीं ना कहीं से दुर्घटना की खबरें आती रहती हैं। कभी किसी की जान जाती है तो कभी कोई गंभीर रूप से घायल हो जाता है। प्रशासन और विभागीय अधिकारी लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते रहते हैं। लेकिन पहाड़ी रास्तों की चुनौती और लापरवाही के चलते हादसों पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है।